
दिल्ली में आज से ‘रेखा’ राज शुरू हो रहा है। रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) दिल्ली की 7वीं मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ लेंगी। दोपहर 12.30 बजे रामलीला मैदान में होने वाले भव्य कार्यक्रम में रेखा का राजतिलक होगा। 50 साल की रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं और चौथी महिला सीएम होंगी। उनके साथ 6 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।
दिल्ली की शालीमार बाग सीट चुनाव जीतकर आई हैं। उन्होंने इस सीट पर आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया था। रेखा दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। वह संघ से जुड़ी हैं। रेखा दिल्ली बीजेपी की महासचिव और बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। मुख्यमंत्री पद की रेस में प्रवेश वर्मा, वीरेंद्र सचदेवा, अभय वर्मा, आशीष सूद, रविंद्र राज और पवन शर्मा जैसे कई दिग्गज शामिल थे, मगर पार्टी ने आखिर में महिला नेतृत्व को दिल्ली की कमान सौंपी है।
शपथ ग्रहण समारोह का शेड्यूल
11:00 AM – 12:00 PM: रामलीला मैदान में मेहमान पहुंचेंगे और अपना-अपना स्थान ग्रहण करेंगे
12:10 PM: मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य मनोनीत मंत्रियों का आगमन होगा. मुख्य सचिव एवं अपर मुख्य सचिव सभी का स्वागत करेंगे
12:15 PM: उपराज्यपाल वीके सक्सेना पहुंचेंगे. मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा
12:20 PM: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, अन्य केंद्रीय मंत्री, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों का आगमन होगा
12:25 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचेंगे, जिन्हें रिसीव करने के लिए गृहमंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल वीके सक्सेना आएंगे
12:28 PM: केंद्रीय गृह मंत्री और उपराज्यपाल प्रधानमंत्री की अगवानी के बाद मंच की ओर बढ़ेंगे
12:29 PM: प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंचेंगे
12:30 PM: पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान होगा
12:31 PM: उपराज्यपाल के सचिव शपथ समारोह शुरू करने के लिए राज्यपाल से अनुमति मांगेंगे
12:35 PM: उपराज्यपाल मुख्यमंत्री को पद की शपथ और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे और कागजात पर हस्ताक्षर किए जाएंगे
12:45 PM: उपराज्यपाल मनोनीत मंत्रियों को पद की शपथ और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे
12:58 PM: उपराज्यपाल के सचिव शपथ समारोह संपन्न कराने के लिए उपराज्यपाल से अनुमति मांगेंगे
12:59 PM: पुलिस बैंड द्वारा एक बार फिर राष्ट्रगान होगा।